राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति

नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस आयोजन में चंद्रयान तीन द्वारा जमा किए गए डेटा को सार्वजनिक किया जाएगा।

बुधवार को नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, पिछले साल 23 अगस्त के दिन, भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी हिस्से पर चंद्रयान-3 उतारकर इतिहास रचा था। यह पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस है। यह न केवल उत्सव का दिन है, बल्कि चिंतन और आत्मनिरीक्षण और भविष्य के लिए रूपरेखा तैयार करने का भी दिन है। एक तरह से यह हर नागरिक के दिल को छूने वाला अवसर है, नई नीति आने और अंतरिक्ष क्षेत्र के उदारीकरण के साथ, हमने इस क्षेत्र में पिछले 3-4 वर्षों में एक लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने कहाकि हम अगले 10 वर्षों में अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में 5 गुना वृद्धि करेंगे।

विज्ञान एवं प्राैद्याेगिकी राज्य मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष इसी दिन चंद्रयान-3 मिशन के दौरान चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग हुई थी। इस वर्ष के उत्सव का विषय चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना : भारत की अंतरिक्ष गाथा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारत मंडपम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह का उद्घाटन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी / रामानुज

   

सम्बंधित खबर