कच्चे तेल की कीमतों पर भारत की है नजर: हरदीप सिंह पुरी

नई दिल्‍ली, 07 अक्‍टूबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट की वजह से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के साथ भारत स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि हम किसी भी चुनौती से निपटने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में एक्सॉनमोबिल ग्लोबल आउटलुक 2024 में कहा, हम स्थिति पर बहुत सावधानी से नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मध्य पूर्व में तनाव बढ़ता है तो ऊर्जा की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। पुरी ने कहा कि हमारी ऊर्जा खपत लगातार बढ़ रही है।

पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि आज विश्व में खपत से अधिक तेल उपलब्ध है। वैश्विक बाजार में तेल की उपलब्धता पर बोलते हुए हरदीप सिंह पुरी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत ने अपने खरीद आधार का विस्तार किया है, जो कि 27 आपूर्तिकर्ताओं से बढ़कर 39 हो गया है।

उल्‍लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्‍चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतें करीब 70 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 78 डॉलर प्रति बैरल से ज्‍यादा हो गई हैं। वहीं, मौजूदा हालात में इसमें और इजाफा हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

   

सम्बंधित खबर