चंडीगढ़ GMSH-32 में फर्स्ट ईयर के छात्र की मौत:बाथरूम में बेसुध मिला, जांच में जुटी पुलिस, दरवाजा नहीं खुलने पर तोड़ा गया
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
चंडीगढ़ सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को एक फर्स्ट ईयर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान योगेश के रूप में हुई है, जो संस्थान में फर्स्ट ईयर का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही थाना-34 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार योगेश अस्पताल परिसर के एक बाथरूम में गया था। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर साथियों और स्टाफ को संदेह हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने और खुलवाने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं मिली। घटना की सूचना मिलने पर थाना-34 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी करवाई। बाथरूम और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। अंदर योगेश बेसुध हालत में पड़ा मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र ने कथित तौर पर इंजेक्शन लगाया था। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। हर पहलू से जांच कर रही पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे क्या कारण रहे और छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

