हरियाणा की जीत से केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा को मिलेगी मनोवैज्ञानिक बढ़त

देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली शानदार जीत से अब उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मनोवैज्ञानिक बढ़त मिल सकती है। केदारनाथ उपचुनाव के लिए जल्द ही तिथि की घोषणा होने वाली है। यही नहीं आगामी दिनों में राज्य में होने वाले निकाय चुनाव में भी भाजपा इस जीत के साथ पूरे उत्साह उतरेगी।

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए, उत्तराखंड में सभी पांच सीटों पर लगातार तीसरी बार परचम लहराया था लेकिन इसके बाद हुए बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को जीत मिली हालांकि उक्त दोनों सीटें पहले से ही विपक्ष के पास थी। इन हालात के बीच अब जल्द ही केदारनाथ विधानसभा के लिए भी उपचुनाव होने जा रहा है। ऐसे में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने से, पार्टी को केदारनाथ उपचुनाव के लिए भी मनोवैज्ञानिक बढ़त मिली है। यह जीत भाजपा को ऐसे वक्त में मिली जबकि तमाम एक्जिट पोल वहां भाजपा के लिए मुश्किल हालात का इशारा कर रहे थे। इस कारण भी भाजपा कैडर का मनोबल इस जीत से ज्यादा बढ़ा है।

भाजपा केदारनाथ के लिए पहले ही वृहद स्तर की तैयारी शुरू कर चुकी है। वहां सरकार से लेकर संगठन के प्रमुख लोग लगातार डेरा डाले हुए हैं। ऐसे में हरियाणा चुनाव की हवा का लाभ भाजपा को केदारनाथ उपचुनाव में मिल सकता है।

उत्तराखंड में जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं, हरियाणा लोकसभा चुनावों में फिर साबित हुआ है कि देश में मोद लहर अब भी चल रही है। साथ ही भाजपा अब भी मतदाताओं का विश्वास कायम रख पाई है। इसका लाभ भाजपा को उत्तराखंड में प्रस्तावित निकाय चुनाव में भी मिल सकता है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीरसिंह चौहान का कहना है कि हरियाण चुनाव में पार्टी की जीत से केदारनाथ उपचुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है। केदारनाथ में तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस को कोई मौका नहीं मिलने वाली है। कांग्रेस से जनता का अब भरोसा उठने लगा है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

   

सम्बंधित खबर