हत्या के मामले में आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। जाफराबाद के चौहान बांगर में 13 अगस्त को हुई छोटा रिजवान की हत्या गैंगवार में हुई थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान साहिब (18) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में साहिब ने खुलासा किया है कि हाशिम बाबा के करीबी गुर्गे अनस ने सुहेल को छोटा रिजवान की हत्या की सुपारी दी थी।

अनस के कहने पर सुहेल और मेहरान ने हत्या की योजना बनाई। उसके बाद साहिब ने हत्याकांड के लिए स्कूटी का इंतजाम किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित सुहेल और मेहरान साहिब की स्कूटी पर सवार होकर फरार हुए थे। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर साहिब को गिरफ्तार किया।

सूत्रों की मानें तो छेनू के करीबी रिजवान ने जेल में बंद हाशिम बाबा के करीबी शीबू की गर्लफ्रेंड से शादी कर ली थी। इस बात से शीबू काफी खफा हुआ। उसने अपने दोस्त अनस को रिजवान की हत्या करने के लिए कहा। अनस ने भी आगे अपने गुर्गों को सुपारी दे दी। पुलिस साहिब से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी / रामानुज

   

सम्बंधित खबर