राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने तय कर दिया था हरियाणा में बनेगी कांग्रेस की अगली सरकार: दीपेन्द्र हुड्डा

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर (हि.स.)। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने में पार्टी के केेंद्रीय नेतृत्व खासकर राहुल

गांधी के योगदान का सराहा। हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने तय कर दिया कि हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा सोमवार को दिल्ली में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान दीपेन्द्र हुड्डा ने प्रदेश में कांग्रेस की जीत में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व खास तौर पर राहुल गांधी के योगदान को बताते हुए कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के हरियाणा आने के बाद से ही प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनना शुरू हो गया था। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इसकी झलक लोगों ने लोकसभा चुनाव में दिखा दी थी और कांग्रेस को हरियाणा में पूरे देश में सबसे ज्यादा 47.6 प्रतिशत वोट दिया। उन्होंने जीत का श्रेय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जी-तोड़ मेहनत को देते हुए सभी को बधाई दी। दीपेन्द्र हुड्डा ने सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में मतदान सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश के मतदाताओं, चुनावकर्मियों का भी धन्यवाद किया।

दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा में नयी शुरुआत करके प्रदेश को देश में विकसित व खुशहाल राज्य के रूप में आगे लेकर आने का लक्ष्य दोहराया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल के भाजपा शासनकाल में प्रदेश काफी पिछड़ गया है। हरियाणा में लोगों ने प्रदेश में खुशहाली और विकास के लिये वोट किया और भाजपा सरकार की विदाई पर मुहर लगा दी है। पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर मतदान केंद्रों पर वोटिंग मशीनों के जरिये दिखी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली के तीन तरफ बसे हरियाणा में कांग्रेस पार्टी मजबूती से उभरकर आयी है। हरियाणा में बड़े बहुमत से कांग्रेस सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के तीन तरफ़ बसा हरियाणा देश में उदाहरण बने - विश्व स्तरीय शिक्षा का, स्वास्थ्य सुविधाओं का, इंफ्रास्ट्रक्चर का, क़ानून व्यवस्था का जहाँ देश में सबसे ज़्यादा निवेश हो और युवाओं को रोज़गार के स्वर्णिम अवसर मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर