हिमाचल में दो दिन में मानसून के विदा होने का अनुमान

शिमला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मानसून की सक्रियता थम चुकी है और पूरे प्रदेश में मंगलवार को गुनगुनी धूप खिली रही। मौसम विभाग ने दो दिन में मानसून के विदा होने का दावा किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वनमान में कहा गया है कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश से मानसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून विदड्रॉल लाइन फिलहाल फिरोजपुर, सिरसा, चुरू, अजमेर, माउंट आबू, डीसा, सुरेंद्रनगर और जूनागढ़ से हो कर गुजर रही है।

मौसम विभाग के अनुसार मैदानी व उच्चपर्वतीय इलाकों में छह अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। जबकि मध्यपर्वतीय इलाकों में पांच व छह अक्टूबर को कहीं-कहीं वर्षा होने का अनुमान है। प्रदेश के जिन हिस्सों में बादलों के बरसने की संभावना है, उनमें प्रमुख तौर पर शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, चम्बा और मंडी जिला के ऊपरी क्षेत्र शामिल हैं। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से आएगा। सात अक्टूबर को उच्च पर्वतीय इलाकों लाहौल स्पीति व किन्नौर में बारिश होने के आसार हैं। पांच अक्टूबर के बाद से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। इन हिस्सों में अभी भी सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है।

लाहौल-स्पीति का ताबो सबसे ठंडा, न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री

राज्य के जनजातीय इलाकों में ठंड पड़नी शुरू हो गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के चार स्थानों पर रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिले का ताबो सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कुकुमसेरी में 6.1 डिग्री व कल्पा में 9.8 और लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अन्य शहरों की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, सुंदरनगर में 18.3 डिग्री, भुंतर में 15 डिग्री, धर्मशाला में 16.5 डिग्री, उना में 19.6 डिग्री, नाहन में 20.3 डिग्री, पालमपुर में 15 डिग्री, सोलन में 15.7 डिग्री, मनाली में 11.8 डिग्री, कांगड़ा में 20 डिग्री, मंडी में 20.2 डिग्री, बिलासपुर में 21 डिग्री, चंबा में 18.5 डिग्री, डल्हौजी में 13.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 16.9 डिग्री, भरमौर में 14.7 डिग्री, धौलाकूआं में 22.8 डिग्री, बरठीं में 20.1 डिग्री, समधो में 11.3 डीसा, कसौली में 16 डिग्री, पांवटा साहिब में 24 डिग्री, सराहन में 17.5 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 22 डिग्री, मशोबरा में 14.6 डिग्री, नेरी में 22.5 डिग्री और सैंज में 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर