गंगा सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों ने अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया गौरव
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
अररिया 09 नवम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज के गंगा सरस्वती शिशु मंदिर के तीन छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव के प्रश्न मंच प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय, प्रांत एवं उत्तर पूर्व क्षेत्र का परचम देशभर में लहराया है। यह प्रतियोगिता विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान द्वारा सीतामढ़ी स्थित विद्या मंदिर रिंग बांध में आयोजित की गई थी।
विद्यालय के कक्षा पंचम के प्रतिभाशाली छात्र प्रथम सेठिया, अभिषेक कुमार एवं ऋत्विक झा ने लोक शिक्षा समिति उत्तर बिहार एवं विद्या भारती उत्तर पूर्व क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया। इस अद्वितीय सफलता ने न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे उत्तर पूर्व क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इन छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं स्थानीय क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्या भारती उत्तर पूर्व क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, लोक शिक्षा समिति बिहार के संरक्षक रामकुमार केसरी, प्रदेश अध्यक्ष रामप्रकाश प्रसाद, प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, प्रदेश मंत्री डॉ. सुबोध कुमार, प्रदेश सह मंत्री डॉ. नेहा राज, संस्कृति बोध परियोजना के क्षेत्र प्रमुख आशुतोष कुमार मिश्र, पूर्णिया विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता गणेश प्रसाद मौर्य ने छात्रों की सफलता पर हार्दिक बधाई दी।
साथ ही विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष सच्चिदानंद मेहता, सह सचिव राकेश रौशन, कोषाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, प्रधानाचार्य रामनरेश सिंह तथा मार्गदर्शक आचार्य विनोद कुमार सहित समस्त विद्यालय परिवार ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर



