पंजाब के पांच मंदिरों और पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

ਜਲੰਧਰ ਦੇ ਦੇਵੀ ਤਲਾਬ ਮੰਦਰ ’ਚ ਸਰਚ ਕਰਦੇ ਹੋਏ ਪੁਲਿਸ ਅਧਿਕਾਰੀ।


चंडीगढ़, 04 जून । पंजाब के पांच प्रसिद्ध मंदिरों और चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। धमकी भरी ई-मेल में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच धमाके किए जाएंगे।

ई-मेल में अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसरखाना मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का नाम शामिल किया गया है।

इसके अलावा चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

ई-मेल मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। संबंधित मंदिरों और सचिवालय परिसर के आसपास विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पुलिस और साइबर सेल की टीमें धमकी भरी ई-मेल की जांच कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि ई-मेल किस आईडी से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार ई-मेल में 6 जून, 1984 को श्री दरबार साहिब पर हुई सैन्य कार्रवाई का हवाला देते हुए बदले की बात भी लिखी गई है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की सत्यता और इसके स्रोत की जांच में जुटी हुई हैं। सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

---------------------------

   

सम्बंधित खबर