पंजाब में अधिकारी व कर्मचारी 14 जून तक कर सकेंगे तबादलों के लिए आवेदन
- Neha Gupta
- Jun 01, 2026
चंडीगढ़, 01 जून । पंजाब सरकार ने राज्य में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामान्य तबादलों के लिए अब अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अधिकारी और कर्मचारी 14 जून तक आवेदन कर सकेंगे। पंजाब में कुल सरकारी कर्मचारियों की संख्या लगभग 3.5 लाख के करीब है।
सोमवार को जारी आदेशों के अनुसार 14 जून के बाद यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला आवश्यक होता है, तो उस पर अलग से निर्णय लिया जाएगा। ऐसे मामलों में तबादले केवल पर्सोनल विभाग द्वारा 23 अप्रैल 2018 को जारी दिशा-निर्देशों और प्रावधानों के तहत ही किए जा सकेंगे। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है। इससे पहले पर्सोनल विभाग के 10 अप्रैल को जारी पत्र के अनुसार राज्य के विभिन्न विभागों में सामान्य तबादले 15 अप्रैल से 30 मई तक किए गए थे। अब सरकार ने इस अवधि को बढ़ाकर 14 जून तक कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार बीच में चुनाव आदि कारणों के चलते यह निर्णय लिया गया है। यह पत्र सभी विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों (डिविजनल कमिश्नरों), उपायुक्तों (डीसी), उपमंडल मजिस्ट्रेटों (एसडीएम) तथा पंजाब के सभी बोर्डों और निगमों के प्रबंध निदेशकों (मैनेजिंग डायरेक्टर्स) को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए भेजा गया है।
---------------

