पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम आयुक्त की कार में तोड़फोड़ करने वाला हिरासत में

मुंबई, 15 अगस्त (हि.स.)। पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त शेखर सिंह की कार में तोड़-फोड़ करने के आरोप में एक दिव्यांग युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस मामले की छानबीन जारी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को सुबह पुणे नगर निगम कार्यालय में आयुक्त शेखर सिंह ध्वजारोहण के लिए आए थे। उसी समय एक दिव्यांग युवक ने उनकी कार पर पथराव कर दिया, जिससे कार के शीशे टूट गए। मौके पर उपस्थित सुरक्षाकर्मियों ने दिव्यांग को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दिव्यांग का नाम विनायक सोपान ओवल है। बताया जा रहा है कि उसने रमाई आवास योजना के लिए आवेदन दिया था, जिसे अस्वीकृत कर दिया गया था। इस संबंध में सोपान ने कई बार पत्र व्यवहार किया लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसी वजह से आज उसने नगर निगम आयुक्त की गाड़ी पर हमला किया था। इस संबंध में अभी तक छानबीन जारी है। पिंपरी-चिंचवड़ के आयुक्त शेखर सिंह ने इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव / सुनीत निगम

   

सम्बंधित खबर