बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 80 पदों पर भर्ती के लिए 11 जून से लगेंगे नियोजन कैंप

कटिहार, 09 जून (हि.स.)। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, कटिहार द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में रोजगार कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत टू-कॉम्स कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कुल 80 रिक्तियों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इन नियोजन कैंपों की शुरुआत आगामी 11 जून से जिला नियोजनालय परिसर से होने जा रही है।

इन पदों के लिए आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई और डिप्लोमा पास युवा आवेदन कर सकते हैं। कंपनी द्वारा चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन के साथ-साथ पीएफ, ईएसआईसी और बोनस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, एसोसिएट (पिकर, पैकर) के कुल 20 पदों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष और मासिक वेतन 17,500 रुपये के साथ पीएफ व ईएसआईसी निर्धारित है। वहीं असेंबली लाइन ऑपरेटर के 40 पदों के लिए आयु 18 से 34 वर्ष और वेतन 14,000 से 20,000 रुपये होगा। इसके अलावा मोबाइल असेंबली ऑपरेटर के 20 पदों के लिए 18 से 32 वर्ष के युवा पात्र होंगे, जिन्हें 15,400 रुपये मासिक और बोनस मिलेगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के युवाओं की सुविधा के लिए ये कैंप अलग-अलग प्रखंडों में निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे। पहला कैंप 11 जून को जिला नियोजनालय, कटिहार में आयोजित होगा। इसके बाद 13 जून को प्रखंड परिसर हसनगंज, 16 जून को प्रखंड परिसर बारसोई और 18 जून को प्रखंड परिसर कदवा में कैंप लगाए जाएंगे।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस नियोजन कैंप में भाग लेने के लिए सभी आवेदकों का नियोजनालय में निबंधन होना अनिवार्य है। शिविर में आवेदकों का चयन पूरी तरह से संबंधित कंपनी के मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर