सागर: युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण और चाकूबाजी, 3 आरोपी गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
सागर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना गोपालगंज पुलिस ने अपहरण और जानलेवा हमले के एक सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना 25 जून 2026 की है। फरियादी बिट्टू उर्फ गजानंद प्रजापति केंद्रीय जेल, सागर से जमानत पर रिहा होकर जैसे ही बाहर आया, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते उसे जबरन एक कार में ठूंस लिया। अपहरण करने के बाद आरोपी उसे शहर के अलग-अलग सुनसान और विभिन्न स्थानों पर ले गए। जहाँ उन्होंने बिट्टू के साथ बेरहमी से मारपीट की और धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
जानलेवा हमले के दौरान पीड़ित बिट्टू ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी घायल को मरणासन्न हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में होश में आने के बाद पीड़ित बिट्टू उर्फ गजानंद प्रजापति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उस पर आशू यादव, अंकित मिश्रा और उनके अन्य साथियों ने हमला किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज थाना पुलिस ने तुरंत विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया। थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने साइबर सेल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया। आशु उर्फ पिंकेश यादव, शुभम रावत, प्रशांत शर्मा ।
पकड़े गए तीनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर अंकित मिश्रा और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
---------------

