मुर्शिदाबाद में आरोपित को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने हिरासत से छुड़ाया आरोपित को

मुर्शिदाबाद, 23 मई (हि. स.)। जिले के डोमकल इलाके में गिरफ्तारी वारंट लेकर एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और हिरासत में लिए गए आरोपित को भी छुड़ा लिया गया। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना शुक्रवार रात डोमकल थाना क्षेत्र के कुचियामोड़ा इलाके में हुई। पुलिस एक हथियार मामले में वांछित आरोपित आजमत शेख को गिरफ्तार करने पहुंची थी। आरोपित के खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। पुलिस ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली थी कि आजमत शेख इलाके की एक चाय दुकान पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने की कोशिश कर रही थी। तभी कुछ स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए और पुलिसकर्मियों को घेर लिया।

आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी अफ़रा-तफ़री के बीच आरोपी पुलिस की पकड़ से निकलकर फरार हो गया।

घटना को जिला पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुर्शिदाबाद जिला पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपितों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर