
-चंडीगढ़ कूच से पहले घरों में किया नजरबंद, मुख्यमंत्री के साथ फेल हो चुकी है वार्ता
चंडीगढ़, 04 मार्च (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ कूच से पहले संयुक्त किसान मोर्चा(एसकेएम)के नेताओं को हिरासत में लेकर नजरबंद करना शुरू कर दिया है। अब सैकड़ों नेताओं को उनके घरों या आसपास के रेस्ट हाउस में रोक लिया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई मंगलवार तड़के करीब तीन बजे शुरू हुई। किसानों की मांगों को लेकर सोमवार की रात पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और संयुक्त किसान मोर्चा नेताओं के बीच चल रही बैठक बीच में ही समाप्त हो गई थी। किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ बहस की तो मुख्यमंत्री बैठक बीच में ही छोड़ गए। किसानों ने पांच मार्च को चंडीगढ़ कूच का ऐलान किया है। इससे पहले ही मंगलवार को चंडीगढ़ की सीमाओं को सील कर दिया गया है।
पंजाब पुलिस ने किसान नेताओं को उनके घरों में नजरबंद करना शुरू कर दिया है। मंगलवार सुबह किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल समेत कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया। किसान मजदूर मोर्चा के नेता दिलबाग सिंह गिल को घर में नजरबंद किया गया है। पुलिस संगरूर में भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां के घर भी पहुंची, लेकिन वह नहीं मिले।
पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि किसान जब चाहे मीटिंग कर सकते हैं। किसान हमारे सत्कार योग हैं। कल मीटिंग काफी अच्छे माहौल में चल रही थी। किसान 18 मांगे लेकर आए थे, 8 मांगों पर चर्चा हुई। सीएम भगवंत मान ने कहा कि रोजाना बंद या जाम होने से लोगों को नुकसान होता है। हम केंद्र सरकार से मिलकर लड़ेंगे। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल ग्रुप) के उप प्रधान मुकेश चंद शर्मा ने कहा कि कहा कि मुख्यमंत्री बैठक छोड़कर किसानों को चैलेंज करके वहां से चले गए। किसानों ने मंगलवार को बैठक बुलाई थी। इससे पहले ही पुलिस उनके घरों में पहुंच गई।
भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी की महासचिव सुखविंदर कौर ने बताया कि हमारे सारे राज्यस्तरीय नेताओं के घरों पर पुलिस ने छापेमारी की है। 3 नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। इनमें बलवंत सिंह महाराज, जरनैल सिंह कालके व अशोक भारती हैं। इसके अलावा पटियाला जिले के प्रधान रणजीत सिंह, सचिव सुरेंद्र व जिला कमेटी मेंबर इंद्र मोहन को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा