रजत जयंती समारोह में उत्तराखंडियों में दिखा गजब का उत्साह, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और परिधान में पहुंचे लोग
- Admin Admin
- Nov 09, 2025

देहरादून, 9 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में लोगों का पूरा जोश व जबरदस्त उत्साह नजर आया। प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देहरादून भारतीय वन अनुसंधान संस्थान में होने वाले मुख्य समारोह में
शामिल होने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग ढोल-दमाऊ रणसिंगा के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। यहां उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का समागम के अद्भुत नजारे देखने को मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काे सुनने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रजत जयंती का मुख्य समारोह आज भारतीय वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में पारंपरिक वेश-भूषा में और पारंपरिक वाद्य़ यंत्रों के साथ लोग पहुंच रहे हैं। पांडव व छोलिया नृत्य के साथ ही उत्तराखंड की जय के नारों से पूरा माहौल गूंज रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही लोगों में दोगुना जोश नजर आया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनने के लिए लोगों की भीड़ लगातार कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रही है। पुलिस की कड़ी चौकसी है और प्रत्येक व्यक्ति पर सुरक्षा की दृष्टि से नजर रखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड राज्य ने अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर लिए हैं। रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 1 नवंबर से प्रदेशभर में 25 साल की विकास यात्रा पर विशेष चर्चाओं के साथ ही विधानसभा का तीन दिनी विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों के साथ ही सरकारी व निजी संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल



