राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने साै वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाला पथ संचलन
- Admin Admin
- Sep 28, 2025

मुरादाबाद 28 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में रविवार को मुरादाबाद महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवकों के द्वारा कदमताल मिलाते हुए पथ संचलन निकाला गया।
विभिन्न भागों व नगरों में आयोजित पथ संचलन कार्यक्रम से पूर्व वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सौ वर्षों से सतत निःस्वार्थ और अनुशासित रूप से राष्ट्र निर्माण में लगा हुआ है, यह अनायास नहीं है। संघ के स्वयंसेवक न कभी रुकते हैं, न डरते हैं, न थकते हैं बल्कि हमेशा सेवा परमो धर्म के उद्देश्य पर कार्य करते हैं। आरएसएस महज़ कोई विचारधारा नहीं, बल्कि एक जीवंत अभियान है जिसका लक्ष्य है माँ भारती को पुनः विश्वगुरु के आसन पर प्रतिष्ठित करना है।
आरएसएस के महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी एडवोकेट ने बताया कि रविवार को मुरादाबाद महानगर में काशीराम नगर कटघर चंद्र नगर हनुमान नगर नई बस्ती रामगंगा विहार आशियाना कॉलोनी पीतल बस्ती कटघर आदि अनेकों कई क्षेत्रों में स्वयंसेवकों के द्वारा पूर्ण गणवेश में पथ संचलन निकालकर एकता का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



