हिमाचल सरकार का बी.पी.एल. चयन प्रक्रिया में सुधार का निर्णय सराहनीय: शान्ता कुमार
- Admin Admin
- Mar 25, 2025

पालमपुर, 25 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने बी.पी.एल. गरीबों का नया चयन करने का जो निर्णय लिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अब यह चयन खण्ड विकास अधिकारी करेंगे न कि पंचायत प्रधान। पंचायत प्रधानों द्वारा वोट की राजनीति के चलते कई जगहों पर चयन गलत तरीके से किया गया था।
शान्ता कुमार ने यह भी कहा कि भारत में गरीबों के लिए कई योजनाएं चल रही हैं लेकिन ये योजनाएं असली गरीबों तक कम पहुंचती हैं क्योंकि वोट की राजनीति और भ्रष्टाचार के कारण सही चयन नहीं हो पाता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे अमीर देशों में शामिल है लेकिन यहां सबसे अधिक गरीब और भूखे लोग भी हैं। उन्होंने कहा कि भारत में विकास तो हुआ है, लेकिन सामाजिक न्याय और समान विकास की कमी रही है।
शान्ता कुमार ने सरकार से यह मांग की कि बी.पी.एल. चयन में शामिल अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी दी जाए और अगर चयन गलत हुआ तो अधिकारियों को कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में इतनी योजनाओं के बावजूद गरीबों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और इसका मुख्य कारण भ्रष्टाचार और बेईमानी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगर हिमाचल सरकार ईमानदारी से गरीबी का सही चयन करेगी तो राज्य की गरीबी को समाप्त किया जा सकता है क्योंकि हिमाचल पहले ही भारत के सम्पन्न राज्यों में शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला