शान्ता कुमार ने संजौली मस्जिद के अवैध निर्माण गिराने के लिए मुस्लिम समुदाय की सराहना की

शिमला, 22 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने संजौली में मस्जिद के अवैध निर्माण को गिराने के लिए वहां के मुस्लिम समुदाय की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि यह कदम हिमाचल प्रदेश के लिए स्वाभिमान का प्रतीक है और पूरे भारत में एक महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत करता है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शान्ता कुमार ने मंगलवार काे एक बयान में स्थानीय मुस्लिम भाइयों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कार्यवाही ने पूरे देश को एक बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने भारत में हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच के आपसी टकराव को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्हाेंने कहा कि पूजा के तरीके भिन्न होने के बावजूद सभी को समान अधिकार है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी धर्म अपनी-अपनी राहों से एक ही भगवान तक पहुंचते हैं। शान्ता कुमार ने संजौली विवाद को शांति से सुलझाने के लिए क्षेत्र के सभी लोगों और सरकार की प्रशंसा की और इस घटनाक्रम को सभी भारतीयों के लिए एक सीख बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत माता के सभी बच्चे एक हैं, और हमें अपने मतभेदों को भुलाकर एकजुट रहना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संजौली मस्जिद कमेटी ने सोमवार से मस्जिद के अवैध हिस्से को स्वयं गिराना शुरू कर दिया है। यह कदम मस्जिद के विवादास्पद निर्माण को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई के संदर्भ में उठाया गया है। संजौली मस्जिद के आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से निर्माण को लेकर विवाद बढ़ रहा था। स्थानीय प्रशासन और समुदाय के बीच संवाद और समझौते की कमी के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।

मस्जिद कमेटी के सदस्यों का कहना है कि वे स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कमेटी ने यह भी बताया कि वे अदालत के आदेशों का सम्मान करते हुए मस्जिद की ऊपरी मंजिल काे ताेड़ने का कार्य कर रहे हैं। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अशांति से बचना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर