भद्रवाह में मौसम के पहले हिमपात से दो महीने का सूखा खत्म
- Sanjay Kumar
- Nov 25, 2024

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भद्रवाह के आसपास की पहाडिय़ों पर रात में इस मौसम का पहला हिमपात हुआ, जिससे पिछले लगभग दो महीनों से क्षेत्र में चल रही शुष्क अवधि से लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश से पर्यटन व्यवसायियों और किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई है।
भद्रवाह के लोगों को सुबह उठते ही आसपास की पहाडिय़ों पर बर्फ की मोटी परत दिखाई दी।
अधिकारियों ने बताया कि भद्रवाह-पठानकोट राजमार्ग पर स्थित गुलदांडा घास का मैदान, जो पिछले साल जिले में सबसे अधिक देखा जाने वाला हिमपात स्थल था। गुलदांडा में हिमपात में लगभग दो महीने की देरी के कारण यह क्षेत्र पर्यटकों से वंचित रहा। रविवार को गंतव्य पर पहुंचे कई पर्यटक आसमान से गिरती सफेद बर्फ का आनंद लेते नजर आए।
उत्तर प्रदेश के मेरठ से भद्रवाह घूमने आए पर्यटक जुनैद आलम ने कहा,‘‘यह एक परीकथा की तरह है। बर्फ से भरे मैदानों की खूबसूरती मनमोहक है। मैं हमेशा के लिए यहां रहना पसंद करूंगा।’पुंछ, राजौरी, रामबन और किश्तवाड़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों से भी बर्फबारी की खबरें मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई बर्फबारी के कारण जम्मू के सीमावर्ती जिलों पुंछ और राजौरी को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोडऩे वाली मुगल रोड कुछ देर के लिए अवरुद्ध हो गयी।