अश्व शालू का निधन, नम आंखों से पुलिस परिवार ने दी अंतिम विदाई

हरिद्वार, 17 मई (हि.स.)। जनपद पुलिस के लिए एक भावुक क्षण उस समय सामने आया, जब वर्षों तक पुलिस विभाग की सेवा करने वाली मादा अश्व शालू ने लंबी बीमारी से संघर्ष के बाद अंतिम सांस ली। 15 वर्ष 6 माह की आयु में शालू का निधन होने से पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पैर में गंभीर बीमारी क्विटर से पीड़ित शालू ने आज तड़के बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन में प्राण त्याग दिए। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शालू को अंतिम विदाई देते समय कई पुलिसकर्मी भावुक नजर आए। वर्ष 2016 से जनपद हरिद्वार में तैनात शालू ने करीब 10 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। शांत स्वभाव और अनुशासित व्यवहार के कारण वह पुलिसकर्मियों की भरोसेमंद साथी बन चुकी थी।

शालू ने कई महत्वपूर्ण आयोजनों और ड्यूटियों में अपनी अहम भूमिका निभाई। इनमें स्नान ड्यूटी, शांति व्यवस्था ड्यूटी, वर्ष 2021 का कुंभ मेला 2021, राज्य स्थापना दिवस परेड तथा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला कांवड़ मेला शामिल रहे। कठिन परिस्थितियों में भी शालू ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया। पुलिस अधिकारियों ने शालू की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि वह केवल एक अश्व नहीं, बल्कि पुलिस परिवार की महत्वपूर्ण सदस्य थी, जिसने वर्षों तक कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया।

   

सम्बंधित खबर