संगड़ाह मॉडल स्कूल में लंबे समय से चल रही स्टाफ की कमी, विनय कुमार से जल्द पद भरने की मांग
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
नाहन, 08 जून (हि.स.)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) संगड़ाह में लंबे समय से चल रही स्टाफ की कमी को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति और स्थानीय अभिभावकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। सोमवार को स्कूल परिसर में आयोजित एसएमसी की एक महत्वपूर्ण बैठक में स्कूल की बदहाल प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। अभिभावकों और एसएमसी पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार से मांग की है कि इस आदर्श विद्यालय में रिक्त चल रहे पदों को तुरंत भरा जाए ताकि बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।
बैठक के बाद जानकारी देते हुए एसएमसी पदाधिकारियों और स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य एच.आर. भारद्वाज ने बताया कि स्कूल में लंबे समय से कई महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं। इस समय विद्यालय में केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) के प्रवक्ता का पद खाली है। इसके अलावा टीजीटी मेडिकल , नॉन-मेडिकल, नियमित प्रधानाचार्य और लिपिक जैसे महत्वपूर्ण पद भी रिक्त चल रहे हैं। स्टाफ न होने के कारण न केवल बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि स्कूल का प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
अभिभावकों ने रोष और उम्मीद जताते हुए कहा कि पिछले साल स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में स्थानीय विधायक विनय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के सामने इन सभी खाली पड़े पदों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द भरवाने का सार्वजनिक आश्वासन दिया था। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
अभिभावकों का कहना है कि सिरमौर के इस दूरदराज क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए इसे ‘आदर्श विद्यालय’ का दर्जा तो दे दिया गया, लेकिन स्टाफ के बिना यह नाम केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है। एसएमसी ने दोटूक शब्दों में कहा है कि यदि सरकार और स्थानीय विधायक ने अपने वादे के मुताबिक जल्द ही यहाँ शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की तैनाती नहीं की, तो बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए अभिभावक कड़ा रुख अख्तियार करने को मजबूर होंगे।
---------------

