श्रीगंगानगर की गंगनहर में पंजाब से आई हजारों मृत मुर्गियां:किसान बोले- पोल्ट्री फार्म में मरने के बाद नहर में फेंक दी गई, पूरा पानी दूषित हो गया

गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे जिले में प्रशासन स्वच्छ पानी मुहैया कराने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, लेकिन बुधवार को गंगनहर का पानी देखकर किसानों के होश उड़ गए। नहर में पानी के साथ हजारों मरी हुई मुर्गियां बहती नजर आईं। सुबह से शाम तक यह सिलसिला जारी रहा। कुछ किसानों ने जब नहर में मृत मुर्गियां तैरती देखीं तो आस-पास के किसान मौके पर जमा हो गए। किसान नेता अमर सिंह बिश्नोई ने तुरंत एडीएम को सूचना दी, लेकिन सूचना मिलने के बावजूद कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। अमर सिंह बिश्नोई ने बताया- साधुवाली से खक्खा हैड तक इस पूरे क्षेत्र में कोई पोल्ट्री फार्म नहीं है। साफ है कि ये मरी हुई मुर्गियां पंजाब के किसी पोल्ट्री फार्म से नहर में फेंकी गई हैं। पंजाब में भारी संख्या में मुर्गियों की मौत के बाद फार्म संचालक ने उन्हें बोरियों में भरकर गंगनहर में फेंक दिया। मुर्गियां कालूवाला हैड से गुजरकर आगे बढ़ गईं। किसानों का कहना है कि जिस तादाद में मुर्गियां पानी में बहकर आई हैं, उससे साफ पता चलता है कि पानी पूरी तरह दूषित हो चुका है। ऐसा पानी पीने लायक भी नहीं रह गया है। बिश्नोई ने बताया- आज से करीब 15 साल पहले भी ठीक ऐसी ही स्थिति देखने को मिली थी। तब भी नहर में मरी मुर्गियां बहकर आई थीं। आज फिर वही मंजर है। घटना के बाद किसान श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और पानी की जांच की मांग की है।

   

सम्बंधित खबर