ग्रामीण सेवा शिविर का किया औचक निरीक्षण, जन-समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को जयपुर जिले की बस्सी पंचायत समिति अंतर्गत मानगढ़ खोखावाला ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति और जन-समस्याओं के त्वरित एवं विधिक निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने शिविर में राजस्व विभाग सहित सभी 21 विभागों के काउंटरों का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। जिला प्रशासन ने उन्हें बताया कि शिविर में राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण, आबादी विस्तार के लिए पट्टे जारी करने, नामांतरण तथा अतिक्रमण से जुड़े लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया है।
शिविर में पंचायती राज विभाग द्वारा 10 नए व्यक्तिगत शौचालयों और सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की स्वीकृति जारी की गई। वहीं, जयपुर विद्युत वितरण निगम ने ढीले तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों से संबंधित शिकायतों का समाधान किया, जबकि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की।
ग्रामीण विकास विभाग (राजीविका) की ओर से ग्रामीण महिलाओं के लिए नए स्वयं सहायता समूहों का गठन कर उनके बैंक खाते खुलवाए गए। शिविर के दौरान मुख्य सचिव ने छह लाभार्थियों को नए एवं नवीनीकृत आवासीय पट्टे वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृतक बीमाधारकों के आश्रित परिवारों को दो-दो लाख रुपए के चेक तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत एक पात्र विधवा महिला को 31 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृति का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
मुख्य सचिव ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही शासन का मुख्य उद्देश्य है और सभी विभागों को योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति तथा पारदर्शी जन-सुनवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
---------------

