
मंडी, 10 मार्च (हि.स.)। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय छेश्चू मेला रिवालसर आज विधिवत रूप से सम्पन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि त्रिवेणी नाम से विख्यात धार्मिक स्थल रिवालसर में बौद्ध धर्म गुरू पदम सम्भव के जन्म दिन के रूप में इस मेले का आयोजन हर वर्ष हर्षोल्लास के साथ किया जाता है। उन्होंने कहा कि सिक्खों के दसवें गुरू गोबिन्द सिंह और लोमष ऋषि की तपोस्थली के नाम से रिवालसर एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भी है।
उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि बल्ह का विकास काँग्रेस की देन है और बल्ह में जो भी विकास हुआ है वह राजा वीरभद्र के आशीर्वाद से संम्भव हुआ है। उन्होंने कहा आज प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू हैं और उनकी दूरदर्शी सोच के कारण प्रदेश का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री व्यवस्था परिवर्तन के तहत प्रदेश को आगे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि बल्ह को उपमंडल का दर्जा देकर यहाँ पर हर विभाग का कार्यलय स्थापित कर आम जनमानस को सुविधा उपलब्ध करवायी गई है ताकि उन्हें अपने रोजमर्रा के कार्य करवाने में आसानी हो सके। उन्होंने कहा भविष्य में बल्ह में सिविल जज कार्यालय, डीएसपी कार्यालय और रिवालसर में जल शक्ति विभाग का मण्डल कार्यालय मुख्यमंत्री के माध्यम से स्थापित करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रिवालसर झील के चारों ओर के क्षेत्र का सौंदर्यकरण किया जाएगा जिसके लिए मुख्यमंत्री के माध्यम से इस पर होने वाले अनुमानित खर्च के अनुसार धनराशि स्वीकृत करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद व सहयोग हमेशा मिलता रहा है और इसी के चलते बल्ह के विकास को गति प्रदान की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा