आधुनिक संकेत व कवच प्रणाली से रेल सुरक्षा होगी और सुदृढ़: श्रीवास्तव
- DSS Admin
- May 08, 2026
जोधपुर, 08 मई (हि.स.)। भारतीय रेल संकेत अभियांत्रिकी एवं दूरसंचार संस्थान (आईआरआईएसईटी) के महानिदेशक शरद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय रेल में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आधुनिक संकेत एवं दूरसंचार प्रणालियों का तीव्र गति से विस्तार किया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर शुक्रवार को आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच रेल संचालन में मानवीय त्रुटियों को न्यूनतम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि है। यह प्रणाली रेडियो संचार, आरएफआईडी आधारित स्थिति पहचान तथा वास्तविक समय ब्रेक नियंत्रण के माध्यम से सिग्नल पासिंग एट डेंजर (स्पाड) जैसी घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी सिद्ध हो रही है। महानिदेशक ने बताया कि भारतीय रेल में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, बहुखंडी डिजिटल एक्सल काउंटर, केंद्रीकृत यातायात नियंत्रण तथा एकीकृत विद्युत आपूर्ति प्रणालियों के उपयोग से रेल परिचालन की विश्वसनीयता एवं संरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि एलटीई आधारित रेल संचार नेटवर्क, ऑप्टिकल फाइबर संचार तंत्र तथा आईपी आधारित डेटा नेटवर्क भविष्य की डिजिटल रेलवे व्यवस्था की आधारशिला हैं। इसके अतिरिक्त कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पूर्वानुमानित अनुरक्षण, उपकरणों की दशा निगरानी तथा डेटा विश्लेषण तकनीकों के माध्यम से संकेत उपकरणों की वास्तविक समय में सतत निगरानी की जा रही है,जिससे संभावित खराबियों का पूर्व आकलन संभव हो पा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

