दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश, पति गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस ने फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दहेज उत्पीडन और पत्नी को आग लगाकर मारने की कोशिश के आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली रानीपुर में 24 अप्रैल को सलोनी उर्फ अन्नु निवासी सेक्टर-4 बीएचईएल रानीपुर ने अपने पति बसन्त टपरवाल, ससुर ज्ञानचंद, सास, ननद और नन्दोई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विवाह के बाद से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था तथा ससुराल पक्ष द्वारा क्रेटा कार और 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति बसन्त टपरवाल उसे कार में बैठाकर ले गया और आग लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन और जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी पति बसन्त कुमार पुत्र ज्ञानचंद निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और तलाश के बाद पुलिस ने आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

