कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करें, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें : मुख्य सचिव
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
देहरादून, 06 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 31 जुलाई से चार अगस्त तक पड़ने वाले पंचक काल में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध करने को कहा।
सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले कांवड़ मेले के लिए रूट प्लान, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कांवड़ यात्रियों की संख्या के अनुरूप यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय,नियमित सफाई, कूड़ा उठान,फॉगिंग,कीटनाशक छिड़काव और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यात्रा मार्ग पर अस्थायी सेक्टर चिकित्सालय, प्राथमिक उपचार केंद्र,बीएलएस एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्य सचिव ने हरिद्वार में पार्किंग स्थलों की मरम्मत और विस्तार का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरिकेडिंग,साफ-सफाई और मार्ग सुधार के कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड को बिजली आपूर्ति का ऑडिट कराने और भविष्य के लिए यात्रा मार्गों पर स्थायी विद्युत व्यवस्था विकसित करने को कहा।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की जांच और नमूना संग्रहण के लिए विशेष टीमें गठित करने और होटल, ढाबों,धार्मिक भंडारों, खाद्य स्टॉलों,रेस्तरां और दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने और कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ शीघ्र अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित करने को भी कहा।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली,नितेश कुमार झा,विनोद कुमार सुमन,धीरज गर्ब्याल,गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप और संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।

