पत्नीहन्ता गिरफ्तार, एफएसएल रिपोर्ट से हुआ सनसनीखेज खुलासा
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
हरिद्वार, 28 जून (हि.स.)। जिले की कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने पत्नी की जहर देकर हत्या करने के मामले में पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट के आधार पर यह सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी को ग्राम मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना स्वयं प्रभारी निरीक्षक ने अपने हाथ में ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट की मदद से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया।
एफएसएल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। इसके बाद वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पति अफजाल की संलिप्तता स्पष्ट हो गई। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। एक सूचना पर तत्काल कार्रवाई कर बहादराबाद पुलिस ने बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतशाह क्षेत्र से आरोपित अफजाल (38) पुत्र मुस्लिम निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले के खुलासे में वैज्ञानिक जांच, एफएसएल रिपोर्ट और साक्ष्यों की अहम भूमिका रही, जिसके आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सकी।
---------------

