स्पा सेंटरों में क्रॉस जेंडर मसाज पर लगे रोक: हेमा

हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भण्डारी ने हरिद्वार जनपद में संचालित स्पा सेंटरों में कथित रूप से हो रही क्रॉस जेंडर मसाज गतिविधियों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड और धर्मनगरी हरिद्वार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक गरिमा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए।

प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हेमा भण्डारी ने कहा कि जनपद में कई स्पा सेंटरों में नियमों की अनदेखी कर क्रॉस जेंडर मसाज जैसी गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां और देह व्यापार भी संचालित होने की आशंका है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन से मांग की कि जनपद में संचालित सभी स्पा सेंटरों के लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं।

हेमा भण्डारी ने आरोप लगाया कि कुछ स्पा सेंटर राजनीतिक संरक्षण के चलते नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच करे तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी किसी भी ऐसी गतिविधि का विरोध करती है जो समाज में गलत संदेश दे और युवाओं को प्रभावित करे।

उन्होंने धर्मनगरी हरिद्वार की मर्यादा और पहचान को सुरक्षित रखने के लिए संत समाज, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, मीडिया और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की।

पत्रकार वार्ता में पार्टी की हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष कोमल, लक्सर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी जमाल अख्तर तथा अनुशासन समिति के अध्यक्ष इलियास शाह सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर