टिहरी जा रहे चंद्रशेखर और उमेश को पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे

हरिद्वार, 28 जून (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल के चर्चित केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को रविवार को हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोक दिया।

इस दौरान दोनों नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। विरोधस्वरूप दोनों नेता समर्थकों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के टिहरी जाने की सूचना मिलने पर सुबह से ही शंकराचार्य चौक पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात कर दिया गया था। दोनों नेताओं का काफिला मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद दोनों नेता समर्थकों के साथ पैदल आगे बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहीं रोक लिया।

मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक (नगर) अभय सिंह तथा क्षेत्राधिकारी (नगर) शिशुपाल सिंह नेगी ने दोनों नेताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव में उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से रोका जा रहा है। उनका कहना था कि केतन की हत्या अत्यंत बर्बर तरीके से की गई है और पीड़ित परिवार भय के माहौल में रह रहा है। उन्होंने कहा कि वह परिवार के आग्रह पर उनसे मिलने जा रहे थे और हर हाल में उनसे मिलेंगे।

विधायक उमेश कुमार ने कहा कि केतन हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिवार की सुरक्षा का भरोसा नहीं देता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

घटनाक्रम के कारण शंकराचार्य चौक पर यातायात प्रभावित रहा और क्षेत्र में लंबा जाम लग गया। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

   

सम्बंधित खबर