स्क्रैप से निकलने वाली चांदी पर कर्मचारियों की थी नजर, 581 ग्राम चांदी समेत तीन को गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। थाना सिडकुल पुलिस ने सीएमआर ग्रीन कंपनी में स्क्रैप से निकलने वाली चांदी की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई 581.87 ग्राम चांदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून को ज्वालापुर निवासी ऋषि तिवारी ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर कंपनी से चांदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना एडिशनल उपनिरीक्षक अनिल सैनी द्वारा की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के तीन कर्मचारियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर कंपनी की दीवार के पास फेंकी गई एक नीले रंग की थैली बरामद की गई, जिसमें कपड़े की पोटली में छिपाकर रखी गई 581.87 ग्राम चांदी मिली।
मौके पर पहुंचे शिकायतकर्ता ऋषि तिवारी ने बरामद धातु की पहचान कंपनी की चांदी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते दीपक पुत्र सुखवीर, निवासी रसूलपुर रिठौली, बुलंदशहर (हाल निवासी अशोक वाटिका, हरीनगर कॉलोनी, सिडकुल, हरिद्वार), रवि चौहान पुत्र मदनपाल चौहान, निवासी रोशन नगर, बदायूं (हाल निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार) व कमल कुमार पुत्र भूदेव सिंह, निवासी शहबाजपुर, बिजनौर (हाल निवासी रामधाम कॉलोनी, सिडकुल, हरिद्वार) बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालाने कर दिया है।

