प्रेमिका से बातचीत करने का विरोध करने पर उतारा पत्नी को मौत के घाट

जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में प्रेमिका से बातचीत का विरोध करने पर एक युवक ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और परिजनों के साथ मिलकर शव को दफना दिया। शंका होने पर परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज करवाया। इस पर पुलिस ने जांच शुरू की तो सारी परतें खुलकर सामने आ गई।

जांच में सामने आया कि महिला ने अपने पति को दूसरी लड़की से बात करने का विरोध किया था। इस पर पति ने अपनी पत्नी की हत्या करके शव को दफना दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर जांच शुरू की तो हत्या की बात सामने आई। इस पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अजहर को गिरफ्तार कर लिया।

सहायक पुलिस आयुक्त आमेर शिवरतन गोदारा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में अनम फातिमा की 29 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। महिला 6 महीने की प्रेग्नेंट भी थी। मृतक महिला के पति मोहम्मद अजहर ने परिजनों को गुमराह करके शव को कब्र में दफना दिया था। परिजन मृतका अनम फातिमा की हत्या की वारदात से अनजान थे। परिजनों को लगा की प्रेग्नेंसी की वजह से मौत हुई है। परिजनों की ओर से पुलिस को सूचना भी नहीं दी गई। महिला के पति के साथ पूरा परिवार शोक का मातम मना रहा था। दफनाने से पहले परिवार के सदस्य ने महिला के गले पर चोट के निशान देख लिए, लेकिन पति मोहम्मद अजहर ने पूरे परिवार को गुमराह कर दिया। परिजनों को शक हुआ कि जिस बेटी से चार घंटे पहले पूरा परिवार मिलकर आया था। अचानक उसकी तबीयत कैसे खराब हो गई और मौत भी हो गई। शक की गहराइयों के बीच परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया। मामला दर्ज होने के बाद एसडीएम की मौजूदगी में महिला का शव कब्र से खोदकर बाहर निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के दौरान गला दबाकर हत्या करने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो महिला का पति मोहम्मद अजहर हत्यारा निकला। 5 अगस्त को महिला के पिता मुन्ना खान ने थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। इससे पहले परिजन महिला के शव को कब्र में दफन कर चुके थे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक महिला के पति अजहर मोहम्मद का एक अन्य महिला के साथ अफेयर चल रहा था। पत्नी ने अपने पति को फोन पर महिला से बात करते हुए सुन लिया था। दोनों के बीच इसी को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान आरोपित ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी प्रेगनेंसी से तबीयत खराब होने का ड्रामा करता रहा, लेकिन पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर