जलपाईगुड़ी, 6 दिसंबर (हि.स)। जिले में एक बार फिर बड़े अजगर मिलने से सनसनी फैल गई है। तीस्ता ब्रिज के पास के इलाके से 10 और 12 फीट लंबे दो अजगर बरामद किए गए है। लगातार दो विशालकाय सांप मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पर्यावरण कर्मियों ने विवेकानंद पल्ली इलाके से एक मरा हुआ अजगर बरामद किया था, जिसकी मौत संभवत किसी वाहन की टक्कर से हुई थी। वहीं शनिवार सुबह दो और जिंदा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। पर्यावरणविद ने दोनों अजगरों को सुरक्षित पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया है। उनका कहना है कि पिछले अक्टूबर में आई भीषण तीस्ता बाढ़ के दौरान पास के जंगलों से कई अजगर बहकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गए थे। आशंका जताई जा रही है कि ऐसे कई और सांप अभी भी आसपास के इलाकों में छिपे हो सकते हैं। स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है, जबकि वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार



