सिरमौर में घास काटते वक्त खाई में गिरी महिला ने चंडीगढ़ में उपचार के दौरान तोड़ा दम

नाहन, 15 जून (हि.स.)। उपमंडल संगड़ाह की भलौना पंचायत के गांव सौंफर (हड़यूट) निवासी 63 वर्षीय सुगना देवी की चंडीगढ़ के सेक्टर 32 मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला 11 जून को घास काटते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिर गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान महिला जिंदगी की जंग हार गई।

परिजनों के अनुसार हादसे के बाद सुगना देवी को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल संगड़ाह लाया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। वहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर भेजा गया था।

मेडिकल कालेज सेक्टर 32 में उपचार के दौरान शनिवार सायं सुगना देवी की मौत हो गई। महिला की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार को उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

भलौना पंचायत की प्रधान लता भारद्वाज ने प्रशासन से मामले में नियमानुसार राहत राशि प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतका अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित थीं और परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

---------------

   

सम्बंधित खबर