पांवटा साहिब में यमुना घाट पर घटते जलस्तर से संकट, श्रद्धालु निराश
- Admin Admin
- Apr 22, 2025

नाहन, 22 अप्रैल (हि.स.)। आध्यात्मिक नगरी के रूप में विख्यात पांवटा साहिब इन दिनों यमुना नदी के घटते जलस्तर के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले यमुना स्नान घाट पर अब जल लगभग समाप्त हो चुका है जिससे यहां आने वाले श्रद्धालु निराश होकर लौट रहे हैं।
स्थानीय लोगों एवं विभिन्न धार्मिक संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर एकजुट होते हुए एसडीएम पांवटा साहिब को मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र में कहा गया है कि यमुना नदी का प्रवाह अब उत्तराखंड की ओर मोड़ा गया है जिसके चलते पांवटा साहिब का प्रमुख स्नान घाट पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।
जलस्तर में भारी गिरावट के कारण घाट पर गंदगी में भी इज़ाफा हुआ है जिससे न केवल श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आई है, बल्कि घाट पर आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठान भी प्रभावित हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां यमुना में डुबकी लगाने से पापों का नाश और जीवन में सुख-शांति प्राप्त होती है लेकिन वर्तमान स्थिति में न स्नान संभव है, न ही पूजा-पाठ की विधियां सुचारू रूप से हो पा रही हैं।
पुजारियों और भक्तों को सुबह-शाम की आरती में भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
धार्मिक संगठनों की मांग है कि प्रशासन जेसीबी मशीनों की मदद से नदी का प्रवाह पुनः स्नान घाट की ओर मोड़े ताकि घाट की गरिमा बहाल हो और श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे।
एसडीएम पांवटा साहिब ने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु पुनः यमुना स्नान का लाभ ले सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर