सीएम सैनी पहुंचे पंचकूला:नवरात्रि के तीसरे दिन चंडी माता मंदिर में टेका माथा; हवन करके प्रदेश की खुशहाली की कामना की
- Admin Admin
- Apr 01, 2025

नवरात्रि के तीसरे दिन मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला पहुंचे और चंडी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर में हवन यज्ञ किया और मां चंडी के चरणों में माथा टेका। उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा नेता बंतो कटारिया जिला अध्यक्ष अजय मित्तल सहित कई अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा का विशेष महत्व होता है। देवी भागवत पुराण के अनुसार, मां चंद्रघंटा का स्वरूप शांत, सौम्य और भक्तों को सुख-समृद्धि प्रदान करने वाला है। इस दिन पूजा-अर्चना करने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और जीवन में खुशहाली आती है। चंडी माता मंदिर पंचकूला के चंडीगढ़-कालका रोड पर स्थित एक प्रसिद्ध शक्ति स्थल है। इसका नाम ही चंडीगढ़ शहर के नामकरण का आधार बना था। यह मंदिर चंडीमंदिर आर्मी स्टेशन के पास स्थित है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इससे पहले, नवरात्रि के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नायब सैनी अपनी धर्मपत्नी के साथ माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। यह मंदिर द्वापर युग से जुड़ा हुआ माना जाता है, जहां पांडवों ने देवी की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया था। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी इस मंदिर का दौरा किया था।