राजगढ़, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात थाना क्षेत्र के कचनारिया गांव में बुधवार दोपहर एक 25 वर्षीय युवक ने शराब के नशे में जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम कचनारिया निवासी लखन पुत्र केदार दांगी (25) ने नशे की हालत में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन घबराकर उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन लखन को बचाया नहीं जा सका। मृतक के परिवार ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसकी दो साल की एक बेटी है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए।युवक ने किन हालातों के चलते जहर खाया,इसका वास्तविक पता नहीं लग सका। सूचना मिलते ही देहात पुलिस अिस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------

