प्रधानमंत्री मोदी की मेहनत देखकर कोई कार्यकर्ता चुप नहीं बैठ सकता : टीकाराम पटेल

रायगढ़ , 27 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनाव प्रचार में मेहनत को देखकर कोई भी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठ सकता। उक्त बातें प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष टीकाराम पटेल ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा,गृह मंत्री अमित शाह,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य योगीनाथ,सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी,असम के मुख्यमंत्री हेमंता विश्वा शर्मा सहित सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं संगठन के सभी जवाबदार कार्यकर्ता इस चिलचिलाती धूप में पार्टी कार्य में लगे हुए हैं। इन्हें देखकर कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है और वे भी इस महापंचायत के चुनाव में आहुति देने निकल पड़ते हैं। छत्तीसगढ़ में सात मई को सात सीटों के लिए मतदान होना है। जिन सात सीटों के लिए मतदान होना है उसमें रायगढ़ लोकसभा भी सम्मिलित है। जिसके लिए प्रचार अभियान पूरे शबाब पर है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं। धरमजयगढ़ विधानसभा के सभी मंडलों राधेश्याम राठिया के पक्ष में कार्यकर्ता कार्य कर रहें हैं।क्षेत्रफल की दृष्टि से रायगढ़ लोकसभा बहुत बड़ा है। रायगढ़ लोकसभा के अंतर्गत तीन जिला समाहित हैं। इस लिहाज से प्रत्याशी का हर गांव पहुंच पाना संभव नहीं है फिर भी राधेश्याम जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। एक तरफ उनकी धर्मपत्नी ने भी कमान संभाल लिया है और गांव-गांव चिलचिलाती धूप में घर घर जाकर लोगों से कमल छाप में बटन दबाकर मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाने हेतु राधेश्याम राठिया को विजयी बनाने की अपील कर रहीं हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर