यूपी में गुंडा माफिया या तो जेल में है या उनकी राम नाम सत्य हो गई : केशव प्रसाद मौर्य

देश में मोदी की सुनामी, प्रचंड बहुमत से जीतेगी भाजपा

फिरोजाबाद, 3 मई (हि.स.)। प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को फिरोजाबाद में कहा कि पूरे देश में मोदी लहर है। भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले और राम मंदिर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकराने वाले लोग हैं तो वहीं दूसरी तरफ राम मंदिर बनवाने वाले लोग हैं। देश में तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी। आज यूपी में गुंडा माफिया या तो जेल में है या उनकी राम नाम सत्य हो गई है।

उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को फिरोजाबाद के खैरगढ़ में भाजपा उम्मीदवार ठा. विश्वदीप सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले सैफई खानदान के लोग कहते थे कि फिरोजाबाद उनकी जमीदारी है लेकिन 2019 के चुनाव जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया। यहां से भाजपा के चंद्रसेन जादौन सांसद है। 2024 का चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है । इस चुनाव के बाद देश 100 साल आगे बढ़ेगा। सैफई खानदान के लोग पीडीए का नारा देते है कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक लेकिन हकीकत में परिवार के अलावा किसी के लिए कुछ नही करते। इनके लिए पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथोरिटी है।

उन्होंने कहा कि वह सपा को समाप्तवादी पार्टी का आव्हान करने आए है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में आने से पूर्व मोदी जी ने कश्मीर से 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण कराने का वायदा किया। आज 370 भी हट गई और भव्य राम मंदिर का निर्माण भी हो गया। यह मोदी गारंटी है। एक तरफ राम भक्तो पर गोली चलवाने वाले व 500 वर्षों के बाद हुई राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकराने वाले लोग है तो दूसरी तरफ राम मंदिर निर्माण कराने वाले लोग है।

उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी नाम का एक माफिया अपनी मौत मर जाता है तो यही सपा के लोग फातिहा पढ़ने जाते हैं लेकिन यह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकरा देते हैं, यही लोग पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि देने नहीं जाते क्योंकि उनके कार्यकाल में बाबरी ढांचा गिरा था। इस देश में अब तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की सदस्यता लेने का मतलब गुंडागर्दी का सर्टिफिकेट, और भाजपा की सदस्यता लेने का मतलब मां भारती की सेवा करना है। यूपी में 2017 से पहले सपा का नारा था खाली प्लाट हमारा लेकिन 2017 के बाद भाजपा की सरकार बनी अब प्लाट, दुकान, मकान पर कब्जा नहीं होते, गुंडा माफिया या तो जेल में है या उनकी राम नाम सत्य हो गई। यूपी में कानून का राज स्थापित हुआ है। 2014 में मोदी लहर थी, 2009 में आंधी थी और 2024 में भाजपा की सुनामी है।

विपक्षी कहते है कि यदि भाजपा की 400 सीट आई तो संविधान बदल देंगे, लोकतंत्र खतरे में आ जायेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षो से केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है लेकिन हमने न संविधान बदला है और न आज लोकतंत्र खतरे में है। सपा, बसपा, कांग्रेस के लोग जनता में दुष्प्रचार कर रहे है। विरोधी कहते है कि मोदी जी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे लेकिन ये लोग रोक नहीं सकते 4 जून के बाद देश में भाजपा की सरकार बनेगी और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का आव्हान किया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, महापौर कामिनी राठौर, भाजपा जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल /बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर