उप्र में अभी तीन दिन हल्की बारिश की संभावना

- आसमान में बादलों की बनी रहेगी आवाजाही, गिरा तापमान

कानपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। हल्की बारिश और तेज हवाओं से तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। वहीं दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही से धूप राहत देती रही। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में अभी तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा और स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि उत्तर पूर्वी असम और इससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर भी एक चक्रवाती परिसंचरण है, जो समुद्र तल से 1.5 ऊपर है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी आंतरिक ओडिशा से दक्षिण-पूर्व राजस्थान तक, दक्षिणी छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश होकर गुजर रही है। पूर्वी विदर्भ से लेकर दक्षिणी तमिलनाडु तक, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक से गुजरते हुए एक ट्रफ/हवा का विच्छेदन मौजूद है। नौ मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के करीब पहुंचने की उम्मीद है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के चलने से आगामी तीन दिन हल्की बौछारें पड़ती रहेंगी, जिससे तापमान सामान्य से कम रहेगा। इस दौरान लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी और इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होगी जिससे उमस भरी गर्मी बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 69 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 45 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 12.3 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। 09 से 12 मई तक स्थानीय स्तर पर गरज-चमक धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है तथा हवाओं की गति सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर