भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पार गेहूं फसल की बंपर पैदावार, कटाई शुरू

कठुआ 09 मई (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ डॉ. राकेश मिन्हास के निर्देशों के तहत भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर 270 एकड़ भूमि पर रबी 2023-24 के लिए गेहूं फसल की बंपर पैदावार पूरी हो गई है। जिसके लिए कठुआ जिले के भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा गांवों में गेहूं की फसल की कटाई भी शुरू हो गई है।

भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार फसल कटाई का जायजा लेने पहुंचे संजीव राय गुप्ता मुख्य कृषि अधिकारी कठुआ ने कहा कि कृषि विभाग कठुआ द्वारा एक ठोस पहल कठुआ के उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास के नेतृत्व वाले जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से 270 एकड़ भूमि बाड़ के पार विभिन्न गांवों में फैली हुई है। उन्होंने बताया कि चन्न टांडा, चक चंगा, करोल कृष्णा और करोल मैथ्रियां के सीमावर्ती गांवों के 70 किसानों की भागीदारी के साथ रबी 2023-24 के दौरान भारत पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर गेहूं की फसल की खेती की गई। उन्होंने 270 एकड़ क्षेत्र में 15.14 क्विंटल उत्पादन के साथ 4088 क्विंटल की बंपर उपज के लिए क्षेत्र के किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेती के तहत क्षेत्र से 90 लाख रुपये का राजस्व उत्पन्न हुआ है जिससे संबंधित किसानों की प्रति व्यक्ति आय में और वृद्धि हुई है।

गौरतलब है कि 2020-21 के दौरान केवल 60 एकड़ भूमि को खेती के तहत लाया गया था, जिसे 2022-23 में 250 एकड़ तक बढ़ा दिया गया था। कृषि विभाग कठुआ ने 2022-23 और 2023-24 के दौरान 270 एकड़ भूमि पर खेती करने के लिए कुछ और गांवों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जिससे 4088 क्विंटल गेहूं की पैदावार हुई। सीमा क्षेत्र के 70 परिवारों के लिए कुल 90 लाख रुपये का राजस्व भी जुटाया गया। इस अवसर पर मुरारी लाल जिला कृषि अधिकारी (एक्सटेशन) कठुआ, अश्वनी शर्मा उपमंडल कृषि अधिकारी हीरानगर, जमशेद सिंह कृषि विस्तार अधिकारी मरहीन और संजय कुमार कृषि विस्तार सहायक (नोडल अधिकारी-सीमावर्ती बुआई) भी उनके साथ थे। क्षेत्र के प्रगतिशील किसान दीना नाथ, परवीन कुमार एवं रोशन लाल भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन//बलवान

   

सम्बंधित खबर