पुलिस ने मां-बाप से बिछड़ी बच्ची को मिलवाया

-केदारनाथ से लौटते समय कुछ समय के लिये मां-बाप से बिछड़ गई थी चार साल की बच्ची

रुद्रप्रयाग, 11 मई (हि.स.)। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जनपद पुलिस यात्रियों के चेहरों पर मुस्कुराहट बिखेर रही है। गत शुक्रवार को दर्शन कर वापस लौट रहे एक परिवार की बिछड़ी चार वर्षीय बच्ची को पुलिस ने उसके माता-पिता से मिलवाया। साथ ही बच्चों को इस प्रकार से न छोड़ने की अपील की गई।

प्रतिवर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा पर देश विदेश से रिकार्डतोड यात्री दर्शनों को आते हैं। केदारनाथ धाम की यात्रा के 16 किमी के सफर में लोग अक्सर अपने साथियों से बिछड़ जाते हैं। यात्रियों के बिछड़ने पर होने वाली परेशानी से बचने के लिए पुलिस अधीक्षक डा.विशाखा अशोक भदाणे के निर्देशन में पुलिस स्तर से ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। इस कार्य के लिए केदारनाथ धाम, लिनचोली, भीमबली, गौरीकुण्ड व सोनप्रयाग में खोया पाया केन्द्र बनाए गए हैं। खोया पाया केन्द्र में तैनात जवान आपसी समन्वय स्थापित कर बिछड़े लोगों को मिलवाने का कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त खोया पाया केन्द्र स्तर से लोगों के खोए मोबाइल फोन, खोई हुई जरूरी सामग्री, कीमती सामान, पर्स इत्यादि भी ढूंढकर वापस दिलाया जाता है।

गत शुक्रवार को गुजरात से आए श्रद्धालु पंकज प्रजापति अपने परिवार के साथ दर्शन के उपरान्त केदारनाथ से वापस लौट रहे थे। वह अपनी 4 साल की बिटिया को पिट्ठू वाले की सहायता से नीचे को चले। राह चलते समय यह पीछे रह गए और इनकी बिटिया दृषा आनन्द को लेकर पिट्ठू वाला आगे निकल गया। उन्होंने भीमबली क्षेत्र में नियुक्त सेक्टर अधिकारी को अपनी आपबीती बताई। बिछड़ी बालिका दृषा आनन्द का विवरण व फोटो प्रशासन के व्हट्सएप ग्रुप में डाला गया।

चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड ने इस सम्बन्ध में चौकी के खोया पाया केन्द्र पर तैनात पुलिस बल को सूचना दी। इस दौरान आने वाले काफी पिट्ठू वालों को रोककर तस्दीक के उपरान्त आगे जाने दिया। काफी इन्तजार के बाद इस बालिका को लेकर आने वाला पिट्ठू वहां पर पहुंचा और उसे खोया पाया केन्द्र पर रोके रखा। चौकी गौरीकुण्ड पुलिस कार्मिकों ने इस बालिका को ढांढस बंधाया व खाने को चाय बिस्किट दिए। इसके परिजनों के आने पर बालिका दृषा आनन्द को उनके सुपुर्द किया। यात्री ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित

/रामानुज

   

सम्बंधित खबर