लोस चुनाव : जब उन्नाव के चुनाव मैदान में उतरे 52 प्रत्याशी, 49 की जमानत जब्त

लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। उन्नाव लोकसभा सीट पर पहली बार आम चुनाव 1952 में हुआ था। अब तक यहां 17 लोकसभा के चुनाव हो चुके हैं। जिसमें 214 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। उन्नाव संसदीय सीट पर सबसे कम 4 चार और सबसे ज्यादा 52 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं।

1957 में मैदान में थे 4 उम्मीदवार

दूसरी लोकसभा के चुनाव में उन्नाव सीट से 4 प्रत्याशी मैदान में थे। ये चुनाव कांग्रेस प्रत्याशी विशम्बर दयाल और गंगा देवी ने जीता था। 1952 और 1957 के चुनाव में उन्नाव डबल सीट थी, यानी इस सीट से दो सांसद चुने जाते थे। पांचवीं लोकसभा के 1971 में हुए चुनाव में भी चार प्रत्याशी मैदान में थे। ये चुनाव कांग्रेस के जियाउर्रहमान अंसारी ने जीता था।

जब मैदान में उतरे 52 प्रत्याशी

11वीं लोकसभा के 1996 में हुए चुनाव में उन्नाव के चुनावी अखाड़े में रिकार्ड 52 प्रत्याशी मैदान में उतरे, जिसमें 43 निर्दलीय शामिल थे। वहीं कुल प्रत्याशियों में सिर्फ 1 महिला प्रत्याशी आल इंडिया इंदिरा कांग्रेस-तिवारी (एआईआईसी-टी) की शीला दीक्षित थी।

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी देवीबख्श सिंह विजयी रहे। भाजपा प्रत्याशी को 167,301 (34.92प्रतिशत) वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे बसपा के पी0वी0 सफवी उर्फ वाजी मियां के खाते में 121,645 (25.39 प्रतिशत) वोट आए। सपा प्रत्याशी अनवर अहमद 121140 (25.28 प्रतिशत) हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के राजा विजयकुमार त्रिपाठी 13477 (2.81 प्रतिशत) वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। एआईआईसी-टी प्रत्याशी शीला दीक्षित को 11037 (2.30 प्रतिशत) वोट के साथ पांचवें स्थान पर रही। इस चुनाव में भाजपा, सपा और बसपा के प्रत्याशियों के अलावा 49 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई। कुल 4 लाख 79 हजार 150 वोटरों ने इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

बात बाकी चुनाव की

1962 के चुनाव में 8 उम्मीदवार मैदान में थे। 1967 में 5, 1977 में 8, 1980 में 10, 1984 में 6, 1989 में 7 और 1991 के चुनाव में 13 प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाई। 1998 और 1999 के चुनाव में क्रमश: 10 और 14 प्रत्याशी मैदान मे थे। वहीं 2004 में 16 चुनाव मैदान में उतरे। 2009 और 2014 के चुनाव में 21-21 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में उतरे।

17वीं लोकसभा के लिए 2019 में हुए चुनाव में चुनाव मैदान में 9 प्रत्याशी मैदान में थे। ये चुनाव भाजपा के साक्षी महाराज ने जीता। दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी अरुण शंकर शुक्ला रहे। कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहा और उसकी जमानत जब्त हुई ये उनकी लगातार दूसरी जीत थी।

2024 चुनाव का हाल

18वीं लोकसभा के चुनाव में यूपी की संसदीय सीट संख्या 33 उन्नाव से 08 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें भाजपा से स्वामी सच्चिदानन्द हरि साक्षी, सपा से अन्नू टन्डन, बसपा से अशोक कुमार पाण्डेय, परचम पार्टी ऑफ इण्डिया से सैफ खान, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से हिमांशु शर्मा, निर्दलीय प्रत्याशियों में उमेश, शिव प्रकाश सिंह, सैय्यद सरफराज गांधी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. आशीष वशिष्ठ/राजेश

   

सम्बंधित खबर