हिसार: नैना चौटाला को वोट देकर हिसार से पहली महिला सांसद बनाएं: दुष्यंत चौटाला

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर मांगे माता के लिए वोट

हिसार, 12 मई (हि.स.)। पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि हिसार उनके दिल में हैं और पूरे भारत में सबसे कम उम्र का सांसद बनाकर उन्हें हिसार की जनता नेे संसद में भेजा था। हिसार की जनता ने उन्हें उंगली पकड़ कर संसद में भेजा और उन्होेंने भी जनता के लिए काफी कुछ किया। वे रविवार को हिसार शहर में जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी उम्मीदवार एवं अपनी मां नैना चौटाला के लिए वोट मांग रहे थे।

उन्होंने कहा कि हिसार की जनता का उन पर कर्ज है जो वे कभी नहीं चुका सकते लेकिन हमेशा से कोशिश रही है कि यहां की जनता के लिए बहुत कुछ करूं। उन्होंने कहा कि जब वे सांसद थे तब हिसार के लिए कई कार्य किए। हिसार में पासपोर्ट सेवा केन्द्र नहीं था और पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को चंडीगढ़ या अंबाला जाना पडता था। लोकसभा मेें आवाज उठाकर पासपोर्ट सेवा केन्द्र हिसार में स्थापित करवाया, ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी की कमी को देखते हुए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई थी, दक्षिण भारत की और यात्रा करने के लिए वाया दिल्ली होकर जाना पडता था, हिसार को सीधे दक्षिण भारत से जोडा, छोटी-छोटी ढाणियों तक बिजली पहुंचाई। हिसार को एविएशन हब बनाने के लिए काम किया। इसके चलते हिसार में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बडा हवाई अड्डा हिसार की धरती पर बन रहा है। हिसार ने विकास के नए आयाम को छुआ है।

दुष्यंत चौटाला ने हिसार की जनता को अपना परिवार बताते हुए कहा कि इस बार जजपा प्रत्याशी नैना सिंह चौटाला को सांसद चुनो, हिसार के विकास को हम सब मिलकर दोगुनी रफ्तार से आगे बढाएंगे। दुष्यंत ने शहर के शिव विहार, खजांचियान बाजार, राजगुरू मार्केट, पड़ाव चौक, 12 क्वाटर रो़ड, प्रीति नगर, सेक्टर 4, विनोद नगर, नेताजी कॉलोनी, सोरगर बस्ती, ऋषि नगर व शांति नगर में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि इस बार महिला शक्ति होने के नाते नैना सिंह चौटाला को अभूतपूर्व और रिकॉर्ड तोड़ मत देकर विरोधियों को बता दो कि हिसार की जनता हमेशा रिकॉर्ड बनाती है। पहले सबसे कम उम्र का सांसद दिया और अब पहली बार महिला सांसद देने जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर