निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना हमारा सबसे बड़ा दायित्व: लोकेश मिश्रा

खूंटी, 12 मई (हि.स.)। लोकसभा आम निर्वाचन के लिए मतदान कर्मिों को रविवार को रवाना किया गया। उन्हें नियुक्ति पत्र, मतदान सामग्री और इवीएम-वीवीपैट दिये गये। इसके लिये बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम में विधानसभा वार अलग-अलग काउंटर बनाये गये थे, जहां संबंधित बूथों के कर्मियों को मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई। उसके बाद उनका मिलान किया गया। प्रतिनियुक्ति कर्मी सुबह 6 बजे से ही केंद्र पर पहुंच गये थे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और विधानसभा के सहायक निर्वाची पदाधिकारी की देखरेख में वितरण कार्य शुरू किया गया। रविवार को यहां से 549 बूथों के लिए पोलिंग पार्टी का रवाना किया गया। पोलिंग पार्टी के साथ सेक्टर पदाधिकारी व पुलिस बल को भी टैग किया गया था। 549 पोलिंग पार्टियां, 46 माइक्रो ऑब्जर्वर, 72 सेक्टर मैजिस्ट्रेट और अतिरिक्त रिजर्व पर्सनल को भी रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने उन्हें कई बिंदुओं पर ब्रीफ किया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि लोकसभा आम चुनाव को लेकर बनाये गए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है, जो समय-समय पर आप सभी को फोन कर चुनाव की गतिविधियों की जानकारी लेंगे। इससे अलावा उन्होंने चुनावी कार्यों पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव संवैधानिक कार्य है, जिसे ध्यानपूर्वक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सम्पन्न किया जाना है। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों की सुविधा कें लिए सभी कलस्टरों व बूथों पर सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ चिकित्सा की व्यवस्था भी उपलब्ध करा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर