देश में ला नीना स्थितियां सक्रिय होने से समय से पहले दस्तक देगा मानसून

कानपुर, 14 मई (हि.स.)। पछुआ हवाओं के चलने राजस्थान से गर्म हवाएं उत्तर भारत में इन दिनों बराबर आ रही हैं, जिससे भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन समुद्री गतिविधियां इशारा कर रही हैं कि इस सीजन में मानसून झूमकर बरसेगा। इसके साथ ही मौसम विभाग के मुताबिक अबकी बार मानसून समय से पहले भी दस्तक देगा। ऐसे में उत्तर प्रदेश में मानसून 18 से 20 जून के आसपास बारिश करना शुरु देगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि इस सीजन में देश में ला नीना स्थितियां सक्रिय हो रही हैं, जो इस साल अच्छे मॉनसून के लिए अनुकूल है। इसी वजह से भारत में मॉनसून समय से पहले ही दस्तक दे सकता है। वहीं ला नीना के साथ-साथ हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) स्थितियां भी इस साल अच्छे मानसून के लिए अनुकूल हो रही हैं, जो मॉनसून के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 मई को मॉनसून के अंडमान निकोबार में पहुंचने की संभावना है। उसके बाद मॉनसून देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ेगा। हालांकि हर साल अंडमान निकोबार में मॉनसून 22 मई तक आता है, लेकिन इस साल ये तीन दिन पहले ही दस्तक दे सकता है। वहीं देश में अल नीनो प्रणाली कमजोर हो रही है और मानसून के लिए अनुकूल ला नीना स्थितियां सक्रिय हो रही हैं। यही नहीं इस सीजन में मानसून सामान्य से अधिक बारिश करेगा ऐसे संकेत मिल रहे हैं। रही बात उत्तर प्रदेश की तो 15 से 20 जून के बीच मानसून आ जाएगा और झमाझम बारिश करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर