फंदे से लटका मिला भाजपा कार्यकर्ता का शव

बर्दवान, 16 मई (हि.स.)। जिले के मंतेश्वर इलाके में एक भाजपा कार्यकर्ता का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया है। गुरुवार सुबह मृतक के घर के बगल में स्थित गोशाला से भाजपा कार्यकर्ता का लटकता हुआ शव बरामद किया गया। मृत भाजपा कार्यकर्ता का नाम अभिजीत रॉय है।

मंतेश्वर बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आता है। पिछले सोमवार को इस सीट पर मतदान हुआ था। चुनाव के दौरान इस क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता का शव बरामद होने से रहस्य गहरा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत रॉय बुधवार रात से लापता थे। वह बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत शेलिया गांव के भाजपा बूथ संख्या 168 के अध्यक्ष थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष के पोलिंग एजेंट के रूप में भी काम किया। बुधवार तड़के उनका लटकता हुआ शव बरामद किया गया।

भाजपा का आरोप है कि उनके बूथ एजेंट की हत्या कर फांसी पर लटका दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा ने मंतेश्वर थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस का प्रारंभिक धारणा है कि भाजपा कार्यकर्ता ने पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार /गंगा

   

सम्बंधित खबर