भाजपा कार्यालय में पूर्व उपमुख्यमंत्री मोदी को दी गई श्रद्धांजलि

नवादा ,16 मई(हि. स.)। नवादा जिला भाजपा कार्यालय में गुरुवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल मेहता की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन धारण किया।

जिलाध्यक्ष मेहता ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। नवादा भाजपा परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पूर्व जिलाध्यक्ष शशिभूषण सिंह बब्लू ने कहा कि सुशील मोदी का पूरा जीवन बिहार के विकास और गरीब-पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनका जाना बिहार और भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को दु:ख सहने की शक्ति दें।

कार्यक्रम में उपस्थित वारिसलिगंज विधायक अरुणा देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, संजय कुमार मुन्ना, विनय कुमार एवं शशिभूषण कुमार बबलू ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक-राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डाला।

हिंन्दुस्थान समाचार/डॉ सुमन/चंदा

   

सम्बंधित खबर