भाजपा सरकार नक्सल नीति पर मति भ्रम की शिकार : कांग्रेस

रायपुर, 16 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि बस्तर में लगातार हो रही नक्सल हत्या के लिये राज्य सरकार की अकर्मण्यता और अनिर्णय वाली नीति जवाबदार है। राज्य में जब से भाजपा की सरकार बनी है नक्सली गतिविधियां बढ़ गयी है। सरकार तय नहीं कर पा रही कि नक्सल मामले में उसे क्या करना है, इसी कारण नक्सली गतिविधियां बढ़ गयी है। सरकार के अनिर्णय वाले स्थिति का खमियाजा बस्तर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आदिवासी एक बार फिर सुरक्षाबलों नक्सलवाद के दो पाटो में पिस रहे हैं।

आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने नक्सलवाद पर एक ठोस नीति बनाया था विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूल मंत्र को लेकर कांग्रेस सरकार आगे बढ़ी थी, जिसके सकारात्मक परिणाम आये और राज्य में नक्सली गतिविधियों में 80 प्रतिशत तक की कमी आई थी तथा रमन राज में नक्सलवाद 15 जिलों तक पहुंच गया था। कांग्रेस सरकार के 5 सालों में बस्तर के सूदुर क्षेत्रों तक सिमट गया था। वर्तमान भाजपा सरकार के अनिर्णय के कारण राज्य में एक बार फिर नक्सली गतिविधियां बढ़ गई है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद से लगभग हर दूसरे दिन नक्सली घटनाएं हो रही है। साय सरकार की अकर्मण्यता के चलते ही विगत पांच महीनो के भीतरी ही 60 से अधिक घटनाओं को नक्सलियों ने अंजाम दिया है। भाजपा सरकार की नाकामी का खामियाजा भोले भाले आदिवासी जनता भुगत रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आते ही अब एक बार फिर वही दौर आ गया है। दो बच्चों की विस्फोट से मौत हो गयी। विगत दिनों बस्तर में छह माह की बच्ची की हत्या हुई थी, जिसे क्रॉस फायरिंग में मौत बताया गया, विगत पांच महीनों में फर्जी मुड़भेड़ को लेकर लगातार आरोप लग रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल/केशव

   

सम्बंधित खबर